Thursday, September 23, 2010

आप नहीं हैं


चिट्ठाजगत अधिकृत कड़ी






आप नहीं हैं

आप नहीं हैं
यह सच है
अंकगणित की भाषा में
आप अकृत और शून्य हैं
किंतु आप एक अत्यधिक प्रभावशाली अंक हैं
और वह एक सशक्त प्रतिच्छाया की तरह
चल रहा है
सदैव मेरे साथ साथ
मैं आपको देखता हूँ
शुभ चन्दन की भांति
अपने शैशव की अनेक आयामों की स्मृतिओं में
मैं आपको अपने सामने खड़ा हुआ पाता हूँ
फलों से लदे दरख्त की तरह
मैं दौड़ता हूँ
भूमि से सागर की ओर
और अतिक्रूर घोरतम जंगलों से पर्वत श्रंखला की तरफ
और समूचे रास्तों पर
मैं आपको खड़े हुये पाता हूँ
हाथों में आशावादी रेखाचित्रों को लिये हुए
आप उस संयुक्त अंक के काल्पनिक भाग हैं
जिसको आप और मैं पूर्ण करते हैं
और जिससे न आपको या मुझको
अलग किया जा सकता
मैं जानता नहीं
इस अमूर्त्त की संरचना में
मै आपका कैसे वर्णन करूँ
यदि मैं एक असंतत वास्तविक अंक हूँ
आप मेरे अचेत विचारों के संसार के सुन्दर संयोजन में अनंत हैं।

Tuesday, September 21, 2010

संस्कार ने मनाया हिन्दी सप्ताह


संस्कार ने मनाया हिन्दी सप्ताह


19 सितम्बर 2010 को पूर्वी दिल्ली की साहित्यिक–सांस्कृतिक संस्था द्वारा हिन्दी दिवस का भव्य आयोजन किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ “असतो मा सदगमय” के उदघोष से हुआ। “ वर्षा की एक बूँद” विषय पर वक्ताओं ने काव्य अभिव्यक्तियाँ प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. हेम भटनागर ने व संचालन रिया शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि प्रख्यात लेखक श्री दिनेश मिश्र जी ने वर्ष 2010-2011 के लिये संगच्छध्वं हिन्दी सम्मान श्री धर्म प्रकाश जैन को प्रदान किया। मंगल अक्षत पुरस्कार श्रीमती मंजुला श्रीवास्तव को दिया गया । हिन्दी की पुस्तकों की प्रदर्शनी 18 चित्र विहार में सप्ताह भर आयोजित की गई। मुख्य अतिथि ने अपने अभिभाषण में हिन्दी के प्रचार-प्रसार के लिये संस्कार के योगदान की सराहना की।

मीना जैन

Sunday, April 25, 2010

मीना जैन द्वारा रचित पुस्तक “बोल! चिड़िया बोल!” ( बाल कविता संग्रह ) का लोकार्पण



25/04/2010 को पूर्वी दिल्ली की साहित्यिक – सांस्कृतिक संस्था “संस्कार” द्वारा 32,स्वास्थ्य विहार में “अनुभव –आनन्द” उत्सव मनाया गया। स्वागत के पश्चात संस्कार अध्यक्षा डॉ. हेम भटनागर ने दिवंगत लेखिका व प्रख्यात रंगकर्मी डॉ. रेखा जैन को भाव भीनी श्रद्धांजली अर्पित की।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि बाल लेखिका श्रीमती इन्दिरा बागची ने इन्दिरापुरम गाजियाबाद की कवयित्री मीना जैन द्वारा रचित पुस्तक “बोल! चिड़िया बोल!” ( बाल कविता संग्रह ) का लोकार्पण किया ।पुस्तक को बालोपयोगी बताते हुए उन्होंने कविताओं की भूरि- भूरि प्रशंसा की।
द्वितीय सत्र में “उड़ि मति रे काला रे कागरा” विषय पर सदस्यों ने अपने वक्तव्य प्रस्तुत किये। इस अवसर पर पुस्तक प्रदर्शनी आकर्षण का केन्द्र रही। धन्यवाद ज्ञापन मधुलिका अग्रवाल द्वारा किया गया।

Monday, January 11, 2010

प्रकृति से भावभोर

धर्म प्रकाश जैन की गद्य कविता : प्रकृति से भावभोर
मन्द मन्द वायु बह रही है। वायु का एक झोंका केश ललाट पर बिखेर जाता है। मैं एक हाथ से साइकिल का हेण्डल पकड़े अपरिचित पथ पर चला जा रहा हूँ। सुनसान पथ है। सड़क के दोनों किनारों पर लंबे- लंबे वृक्ष हैं। सूर्योदय हो चुका है। सूर्य रश्मियाँ दरक्षों से छन- छन कर सड़क पर रुपहले धब्बे बना रही है। मैं पूर्व दिशा में चला जा रहा हूँ। पूर्व का सूर्य ही तो मुझे नित्य निमंत्रण देता है,इंगित कर अपने पास बुलाता है। मैं भी तो उसके बाहुपाश में बन्द होना चाहता हूँ।
कई चौराहे गुजर गये हैं। व्योम पर श्वेत मेघों का आच्छादन पहले से कम हो गया है। पक्षियों का कलरव मद्धिम पड़ गया है। कान ,नाक व अँगुलियाँ शीत वायु के लगने से ठंडी पड़ गई हैं, परंतु शरीर में उष्मा है और मैं गर्म उसासें भर रहा हूँ।
_जिन्दगी की सैर लंबी है। मैं सोचता हूँ।
_ मैं पंख कटे पक्षी की तरह फुदक लेता हूँ।
मन में पीड़ा है। हृदय में बेचैनी है। प्रकृति सौन्दर्य मुझसे सबकुछ भुलवा देता है। लगता है, डालियाँ झुक कर अंतःकरण से वेदना उठाकर हवा में उड़ेल देती हैं। मानस का क्रन्दन हिलते हुये पल्लवों के क्रन्दन में बँट गया है। मैं चला जा रहा हूँ।
हृदय पूछता है –कहाँ है तुम्हारी मंजिल?
फिर चिल्लाती चील से पूछता हूँ- ए चील! बता जा क्या है तेरी कोई मंजिल ?
चील की आवाज में वेदना का स्वर है।
मैं अवसन्नमना आकाश की ओर अवलोकता हूँ- उत्सुक - प्रत्युत्तर पाने को। प्रकृति निरुत्तर है।
सड़क आगे दो रास्तों में विभक्त हो जाती है। एक रास्ते की ढाल 10 डिग्री है और गंगा नदी की ओर जाता है । मैं अपनी साइकिल को उसी ओर मोड़ लेता हूँ। केसरिया रंग के परिधानों से सज्जित साधुओं को देख कर मुझको रोमांच हो आता है। जीवन के कटु अनुभवों से गुजरने वाले सांसारिक व्यक्ति के लिये साधु वैराग्य का मुखौटा लगाये छ्द्मवेशी की तरह लगते हैं। भागीरथी के दर्शन के पहले दोनों किनारों पर बैठे अंधे ,लंगड़े अपाहिज भिखारियों की लंबी पाँति के बीच गुजरना होता है । उनको देखकर मैं सोचता हूँ प्राणों का मोह विचित्र है। मैं अधिक नहीं सोचना चाहता कहीं विचारों का हथौड़ा मेरे ही ऊपर न आ गिरे।
कितना सौन्दर्य है? कितना व्यग्र है अनुदैर्घ्य तरंगो पर उठता हुआ शीतल जल? नीलाकाश जल की गहराइओं में उतर आया है। रुपहली धूप में बालू के टीले पर बैठ कर मैं प्रकृति से क्रीड़ा करता हूँ। नदी ने अपने मादक उरोजों को अनावृत कर दिया है। कगार पर उगा नव पल्लवित पौधा बाहें फैला कर कमर को स्पर्श करने की कुचेष्टा कर रहा है ,नदी शरमा कर आत्म समर्पण कर देती है। मैं नदी से पूछ बैठता हूँ –क्या यही है तेरा मस्त प्रेमी?नदी उल्लसित हो उठती है। पौधा शरमाकर अपना मुख नदी के आँचल में छिपा लेता है। मैं धीरे से कहता हूँ- प्रकृति तुम लज्जाहीन हो । प्रकृति सस्मित होती है।
नदी की लहरों की गति के साथ गतिमय हो मेरा अंतःकरण सौरभ से अभिभूत हो बहने लगता है। दीर्घ आकाश के नीले में मेरा मन हिल्लोरें लेता है। मधुर समीर आ- आ मुझे मुग्ध करती है। तब मुक्त हृदय से नदी मुझको देखकर विहँसने लगती है। धूप में बालू के ढेर उठ- उठ कर असंख्य सितारों से अपना पुलकना प्रदर्शित करते हैं। गीली भुरभुरी मिट्टी पर प्रकृतिष्ठ मैं किसी बड़ी चमकती मछली के चीरते हुये जल से छिटकती हुई मोतियों के समान लघु बूदों से निर्मित अनगिनत नीले विश्वों को निहारता हूँ और शून्य में उनको विलीन होते हुये देखता हूँ।
नीरव विशद नभ के अवलोकन से मुझे आनन्दानुभूति होती है। मैं आत्मविभोर हो उठता हूँ। मेरा सूनापन स्पंदन कर ,रेंग कर मारुति के झोंके के साथ बालू पर चलता हुआ नदी के कगार से उतर कर ,जल तरंगो के साथ क्षुद्र पतवार में लिपट जाता है। मैं अत्यंत सूक्ष्म हो प्रकृतिमय हो उठता हूँ। मुझे लगता है-अस्तित्व शून्य होकर दिव्यरूप में प्रस्फुटित हो ,विशालता में विकसित हो रहा है,संभावनायें अनंत में विस्तरित हो गईं हैं। नेत्र गहनता से अबतक ओझल रहे हैं। मैं मायावी नेत्रों से विशालता का अनुभव कर रहा हूँ।
वेगवती धूप पूर्ण है, निरुपम व निर्भेध्य । श्वेत दुग्ध वर्णा चाँदनी सी धूप चिमनी से निकली कालिख से सने मेरे मलिन शरीर के प्रत्यगों को मल- मल कर नहला रही है। सारा शरीर जल रहा है और ओठ सूख रहे हैं जैसे कि किसी मदान्ध नारी ने स्पर्श किया हो!
मैं पूछता हूँ; कुरूप हूँ न मैं?
-कुरूपता पर सौन्दर्य की दोहरी पर्त्त चढ़ी होती है। मैं एक पर्त्त की प्राचीर को पारदर्शक बना रही हूँ जिससे अनंग सौन्दर्य में झाँक सकूँ। वह पुलक उठती है।
ए प्रकाश! सबसे वेगवान प्रकाश तू लहरों में आता है या लघुकणों में। कैसे आता है? कौन जानता है? तू शक्ति है ,ऊर्जा है,तूने समस्त भूमण्डल पर साम्राज्य स्थापित कर लिया है।
परंतु तेरा हृदय कितना विशाल है। तूने अपनी समस्त दौलत प्राणी सेवा के लिये लुटा दी है। तू अगोचर है परंतु सर्वव्यापी है। तेरे इस रूप को देख कर मन विह्वल हो उठा है।
कितना शांत है ,कितना हलचल पूर्ण है यह ऊपर उठता हुआ ब्रह्माण्ड। मधुर शब्द में श्राव्य संगीत चल रहा है। लहरें कल- कल करती हैं। समीरण मर- मर करती है। निर्मल नभ पर धवल ससोष्ठव पक्षी सरसर करते उड़ते हैं। कितना एक लय है संगीत ! तिनकों के टकराने से हलकी ध्वनि निकलती है; कितनी आकर्षक व कितनी सस्वर । अज्ञात समीर थपेड़ों में आ कान के परदों से टकराती है। हा हा कर हँसने की आवाज से उसका मुख स्वयं ही मुखर हो उठता है।
कहाँ है तुम्हारे मस्तिष्क का संत्रास ?मैं स्वयं से पूछता हूँ?
प्रकृति ने अपने ऊपर ओढ़ लिया है।
प्रकृति ने अंतर व बाह्य के समस्त अश्रु सोख लिये हैं तभी तो वातावररण नम है।
वह व्यथा ,वेदना ,क्रूरता ,चीख ,कराह व आहों को अपनी गोदी में गुड़िया की तरह
बिठाकर निर्बोध बाला सी थिरक- थिरक कर क्रीड़ाकर ,सुखानुभूति दे मन को मोहती है। मृत्यु भी जीवन लगता है। कंकाल जीवित हो हो बात करने की कोशिश करते हैं। भय नहीं लगता । घृणोत्पादक नहीं। वह प्राकृतिक विषमताओं को जोड़कर एक कलाकार की भांति विषमता बढ़ाकर उच्चकोटि के सौन्दर्य को दर्शाती है। नीले के समायोजन हरा ,सुनहला पीला,श्वेत व काले रंग प्रयोग कर सीधी,वक्र,आड़ी,तिरछी,मँडलाकार व त्रिभुजाकार आकृतियाँ, प्राकृतिक तूलिकायें,बालू के ऊपर उठते हुए कण व वायु के हाथों द्वारा उठाये गये घास व पतवार ,जल व बालू से कटती हुई रचनायें अद्वितीय सृष्टि है।
---
D P Jain B-110, Parsvnath Majestic Floors, Plot No.18A, Vaibhav Khand, P.O.-Shipra Sun City Indirapuram, Distt-Ghaziabad, UP- 201014